
दुर्ग। दुर्ग नगर पालिक निगम में 62 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पाँच कर्मचारियों को आज स-सम्मान विदाई दी गई। मुख्य कार्यालय सभागार में निगम प्रशासन द्वारा इन कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह, शॉल और श्रीफल भेंट कर उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। इस अवसर पर सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों ने दुर्ग निगम में अपने सेवाकाल के दौरान के कार्य अनुभव साझा किए, जिस पर उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने विभिन्न विभागों में अपनी क्षमतानुसार सफलतापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन किया है।

महापौर अलका बाघमार, सभापति श्याम शर्मा और एमआईसी सदस्यों ने विशेष रूप से महात्मा गांधी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य दिनेश अग्रवाल, कर्मशाला वाहन चालक कर्मी मानिकपुरी, स्वास्थ्य विभाग सफाई कर्मी खिलावन तिरंगा, और महात्मा गांधी स्कूल की भृत्य मंगलीन गोड को निगम प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने निगम के लिए हर कठिन परिस्थिति में काम करते हुए कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि किसी भी आवश्यकता पर वे बेझिझक निगम आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी देय राशि का भुगतान किया जा रहा है और पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर उन्हें पेंशन भी मिलने लगेगी। महापौर ने जोर देते हुए कहा कि जीवन का बहुमूल्य समय सेवा में देने के कारण अक्सर पारिवारिक कार्यों और दायित्वों से दूर रहना पड़ता है, और इन कर्मचारियों ने कुशलता व ईमानदारी से अपने कार्यों को निभाया है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता से सीधे जुड़े विभाग में बेदाग काम करना प्रशंसनीय है।
सभापति श्याम शर्मा ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके शेष जीवन को परिवार के साथ सुखमय व्यतीत करने और अपने पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
स्वास्थ्य अधिकारी श्री मिश्रा ने इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिवार के सदस्यों की बड़ी संख्या में उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया।
इस बिदाई समारोह में एमआईसी सदस्य नरेंद्र बंजारे, देव नारायण चन्द्राकर, शेखर चन्द्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकर, मनीष साहू, काशीराम कोसरे, नीलेश अग्रवाल, लीलाघर पाल, कुलेश्वर साहू, कमल देवांगन, सरस निर्लकर, जितेंद्र महोबिया, रामू मौजूद रहे।
