Home / भिलाई / दुर्ग के जमराव एनीकट में दर्दनाक हादसा: खारून नदी में नहाते समय दो किशोर बहे, एक का शव मिला

दुर्ग के जमराव एनीकट में दर्दनाक हादसा: खारून नदी में नहाते समय दो किशोर बहे, एक का शव मिला

दुर्ग।  बुधवार शाम दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक स्थित जमराव एनीकट में खारून नदी में नहाने उतरे रायपुर के दो किशोर तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए. इस हादसे में एक किशोर, यशवंत हरपाल (16) का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि आशीष साहू (16) अब भी लापता है. SDRF की टीम देर शाम तक उसकी तलाश में जुटी रही, लेकिन अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रात में रोकना पड़ा.

जानकारी के अनुसार, रायपुर के आमापारा इलाके से छह किशोरों का एक समूह जमराव एनीकट पर सैर-सपाटे के लिए पहुंचा था. बुधवार शाम करीब 4 बजे खाना खाने के बाद यशवंत हरपाल और आशीष साहू नदी में नहाने उतरे. बताया जा रहा है कि नदी में तेज बहाव था, जिसकी वजह से दोनों उसकी चपेट में आ गए और बहने लगे. उनके दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे.

स्थानीय लोगों की मदद से यशवंत हरपाल को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. आशीष साहू का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. घटना की सूचना मिलते ही अमलेश्वर थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई थी और तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया था.

अंधेरा होने के कारण रात में सर्च ऑपरेशन को रोकना पड़ा. लापता आशीष साहू की तलाश में गुरुवार सुबह से फिर से अभियान शुरू किया जाएगा. यह दुखद घटना सुरक्षा उपायों की कमी और तेज बहाव वाली नदियों में सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *